छत्तीसगढ़

जनदर्शन: आवेदन पर धनकुंवर और अमूनबाई को राशन मिलने की समस्या हुई दूर

मुंगेली, 17 मार्च 2026/sns/- जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आम नागरिकों की मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में जिले के विभिन्न विकासखंडों मुंगेली, पथरिया और लोरमी से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक अपनी समस्याएं और मांगों को लेकर पहुंचे। इस दौरान ग्राम लगरा की धनकुंवर और अमूनबाई ने शासकीय उचित मूल्य दुकान से गत 04 माह से चावल नहीं मिलने की शिकायत की। कलेक्टर ने इस मामले पर तत्परता दिखाते हुए जिला खाद्य अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही तत्काल चावल दिलाने के निर्देश दिए। जिस पर त्वरित कार्यवाही कर दोनों महिलाओं का केवायसी अद्यतन किया गया, जिससे अब राशन मिलने में परेशानी नहीं होगी। जनदर्शन में बिजली संबंधी शिकायत भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने आमजनों को पीएम सूर्यघर योजना का लाभ लेने प्रेरित किया। वहीं विद्युत विभाग के ईई को अवैध हुकिंग पर सख्त निगरानी रखने एवं नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में ग्राम गीधा निवासी श्रीमती श्यामा साहू ने अपने मकान एवं दुकान पर अवैध कब्जे की शिकायत के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सहित संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में 120 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, इनमें ग्राम पालचुवा की राजमति ने अपने बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने, बोड़तरा सहित आसपास के ग्रामीणों ने बोड़तरा से बोधापारा तक सड़क निर्माण कराने, महाराणा प्रताप वार्ड मुंगेली के कपेश अंचल एवं मनोहरपुर के हिरेश गेंदले ने प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दिलाने, ग्राम खाम्हीकुर्मी के दिव्यांग गजेन्द्र बारले ने ट्रायसायकल दिलाने, ग्राम कोदवाबानी की उत्तरा साहू ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय निर्माण कराने, ग्राम चारभाठा के दिग्विजय सिंह ने जमीन का सीमांकन कराने, ग्राम रेहुंटा के जयंती देवी ने राशनकार्ड में नाम जोड़ने, ग्राम धरमपुरा की जीवनबाई ने अपनी दिवंगत माता का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने सहित अन्य आवेदन शामिल हैं। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *