छत्तीसगढ़

सक्षम योजना से बदली सुमित्रा कच्छप की जिंदगी, सब्जी व्यवसाय से बनी आत्मनिर्भर

बीजापुर, 12 मार्च 2026/sns/-जनपद पंचायत भैरमगढ़ के देवांगनपारा भैरमगढ़ निवासी 40 वर्षीय श्रीमती सुमित्रा कच्छप का जीवन संघर्षों से भरा रहा, लेकिन उनके हौसले और शासन की सहायता ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी। पति द्वारा साथ छोड़ देने के बाद सुमित्रा कच्छप को जीवन यापन में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। ऐसे समय में उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित सक्षम योजना के तहत घरेलू हिंसा संरक्षण अधिनियम 2005 के अंतर्गत सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। उस समय उनकी स्थिति काफी कठिन थी। मायके पक्ष के भाई-भाभी भी उन्हें अपने साथ रखने को तैयार नहीं थे जिसके कारण वह अपनी मां के साथ रहकर जीवन यापन करने लगीं। अपने और अपनी मां के भरण-पोषण के लिए उन्होंने छोटा सा व्यवसाय शुरू करने की इच्छा जताई।
महिला एवं बाल विकास विभाग की सक्षम योजना के तहत उन्हें 50 हजार रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया। इस आर्थिक सहायता से सुमित्रा कच्छप ने सब्जी का छोटा व्यवसाय शुरू किया। शुरुआत में वह साप्ताहिक बाजारों में जाकर सब्जियां बेचने लगीं। धीरे-धीरे मेहनत और लगन से उनका व्यवसाय बढ़ने लगा और उन्हें अच्छा मुनाफा होने लगा।
व्यवसाय से हुई आय से उन्होंने समय पर पूरा ऋण भी चुका दिया। आज सुमित्रा कच्छप आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। वर्तमान में उन्होंने अपने लिए अलग से घर बनाकर निवास करना शुरू कर दिया है और भैरमगढ़ के बस स्टैंड पर नियमित रूप से सब्जी का व्यवसाय कर रही हैं।
सुमित्रा कच्छप की यह सफलता कहानी इस बात का उदाहरण है कि यदि सही समय पर मार्गदर्शन और सहयोग मिल जाए तो विपरीत परिस्थितियों में भी महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर सम्मानजनक जीवन जी सकती हैं। सक्षम योजना ने न केवल उन्हें आर्थिक सहारा दिया बल्कि आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की नई राह भी दिखाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *