छत्तीसगढ़

होटल-ढाबों में घरेलू गैस उपयोग पर सख्तीअपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल ने किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश सहायक खाद्य अधिकारी बनाए गए नोडल अधिकारी

बीजापुर, 12 मार्च 2026/sns/-कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में संचालित होटल एवं ढाबों में गैस सिलेंडर के उपयोग को लेकर सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस क्रम में अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल ने टीम के साथ जिला मुख्यालय बीजापुर में संचालित होटल और ढाबों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सभी होटल संचालकों एवं ढाबा मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग न करें और केवल व्यावसायिक (कॉमर्शियल) गैस सिलेंडर का ही उपयोग सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने बताया कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस का उपयोग नियमों के विरुद्ध है और ऐसा पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जिले में आवश्यक वस्तुओं, विशेषकर एलपीजी गैस, डीजल एवं पेट्रोल की उपलब्धता से संबंधित प्राप्त होने वाली शिकायतों और सुझावों की निगरानी एवं मॉनिटरिंग के लिए श्री उत्तम कुमार भारती, सहायक खाद्य अधिकारी, बीजापुर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

खाद्य विभाग द्वारा सभी गैस एजेंसी संचालकों को भी निर्देशित किया गया है कि वे अपनी एजेंसियों में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखें, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन द्वारा किए गए इस निरीक्षण और निर्देशों का उद्देश्य जिले में आवश्यक वस्तुओं की सुचारु उपलब्धता बनाए रखना तथा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *