अम्बिकापुर, 12 मार्च 2026/sns/- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा 2026 अंतर्गत 12 मार्च को सरगुजा जिले के 71 परीक्षा केन्द्रों में इतिहास, व्यवसाय अध्ययन, कृषि विज्ञान के तत्व एवं गणित, ड्राइंग एंड पेंटिंग तथा आहार पोषण विषयों की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री अजीत वसंत द्वारा गठित उड़नदस्ता दल ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लुण्ड्रा परीक्षा केन्द्र का अवलोकन किया गया। इसी प्रकार जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा गठित उड़नदस्ता दल ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुलिस लाइन तथा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बिकापुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी केन्द्रों में परीक्षा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से संचालित होती पाई गई। परीक्षा में विद्यार्थियों की उपस्थिति के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार इतिहास विषय में कुल 1943 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1899 उपस्थित रहे तथा 44 अनुपस्थित रहे। व्यवसाय अध्ययन विषय में 1303 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 1289 उपस्थित एवं 14 अनुपस्थित रहे। कृषि विज्ञान के तत्व एवं गणित विषय में 521 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 510 उपस्थित एवं 11 अनुपस्थित रहे। ड्राइंग एंड पेंटिंग विषय में 15 विद्यार्थी पंजीकृत थे और सभी 15 विद्यार्थी उपस्थित रहे। वहीं आहार पोषण विषय में 66 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 63 उपस्थित एवं 3 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।


