बीजापुर, 10 मार्च 2026/sns/-अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से महा जन सुनवाई सप्ताह 8 से 13 मार्च का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत 13 मार्च 2026 को बस्तर संभाग के 7 जिलों के कुल 87 प्रकरणों की सुनवाई प्रेरणा सभाकक्ष, कलेक्टोरेट परिसर जगदलपुर में आयोजित होगी।
महिलाओं को त्वरित राहत देने का उद्देश्य- छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक के नेतृत्व में यह पहल की जा रही है, ताकि महिलाओं से जुड़े मामलों का शीघ्र और प्रभावी निराकरण किया जा सके। आयोग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
पहले भी हो चुकी हैं सैकड़ों सुनवाई- महिला आयोग द्वारा पिछले लगभग 5 वर्षों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में 370 से अधिक जनसुनवाई आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें 8000 से अधिक मामलों का निराकरण किया गया है। इसी अनुभव को आगे बढ़ाते हुए इस बार बस्तर संभाग के जिलों बस्तर जगदलपुर, कोंडागांव, सुकमा, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, नारायणपुर और बीजापुर के कुल 87 मामलों की एक साथ सुनवाई की जाएगी।
कई विभागों का मिलेगा सहयोग- इस महा जनसुनवाई को सफल बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी
DPO, जिला संरक्षण अधिकारी
PO वन स्टॉप सेंटर तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों का सहयोग लिया जाएगा। साथ ही सुनवाई के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की भी विशेष व्यवस्था रहेगी।
सुनवाई का समय और प्रक्रिया- जनसुनवाई सुबह 10ः00 बजे से प्रारंभ होगी। जिन आवेदकों के मामले सूचीबद्ध हैं, उनका स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त जिन महिलाओं ने पहले आवेदन नहीं किया है, वे भी सुनवाई स्थल पर नया आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं।
विशेष न्यायपीठ करेगी सुनवाई- इस सुनवाई में मुख्य न्यायपीठ का नेतृत्व आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक करेंगी जबकि सहायक न्यायपीठ में संभाग प्रभारी सुश्री दीपिका शोरी, सह-प्रभारी श्रीमती ओजस्वी मंडावी और श्रीमती सरला कोर्राम शामिल रहेंगी।
बीजापुर जिले में जनसुनवाई के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है- इसी क्रम में आज जिला अस्पताल और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न से न्याय पाने के लिए आवेदन करने के लिए जागरूक किया गया।


