छत्तीसगढ़

राजनांदगांव के लाइनमैन ईश्वरी लाल वर्मा दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित:-

राजनांदगांव, 10 मार्च 2026/sns/-राजनांदगांव जिले के मुसराकला वितरण केन्द्र में कार्यरत श्री ईश्वरी लाल वर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत पर्यावास केन्द्र ( India Habitat Centre ), लोधी रोड में आयोजित एक भव्य समारोह में केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के राज्य मंत्री श्री श्रीपाद येसो नाईक द्वारा श्री वर्मा को देश भर से चयनित चुनिंदा लाइनमैनों के बीच सर्वश्रेष्ठ लाइनमैन के गौरवपूर्ण सम्मान से विभूषित किया गया। इस अवसर केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री के द्वारा श्री वर्मा को प्रशस्ति पत्र, शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि डोंगरगढ़ संभाग के मुसराकला वितरण केन्द्र में पदस्थ लाइनमैन श्री ईश्वरी लाल वर्मा को यह राष्ट्रीय पुरस्कार उनकी कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में अटूट कर्तव्यनिष्ठा, उच्च तकनीकी दक्षता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रदान किया गया है। विशेष रूप से, केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रिकॉर्ड सोलर कनेक्शन प्रदान करने में उनके असाधारण योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई।

विभागीय नेतृत्व ने व्यक्त की खुशी:-

श्री वर्मा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज के अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव एवं छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के एमडी श्री भीमसिंह कंवर ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर यह सम्मान मिलना छत्तीसगढ़ की विद्युत सेवाओं की गुणवत्ता और हमारे कर्मचारियों के समर्पण का प्रमाण है। यह सम्मान न केवल श्री ईश्वरी लाल वर्मा की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि यह प्रदेश के हजारों बिजली कर्मियों के मनोबल को बढ़ाने वाला एक मील का पत्थर साबित होगा।

राजनांदगांव क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक श्री शिरीष सेलट एवं राजनांदगांव वृत के अधीक्षण अभियंता श्री शंकेश्वर कंवर ने भी श्री वर्मा को उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि मुसराकला जैसे ग्रामीण अंचल से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना गौरव की बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *