जांजगीर-चांपा, 09 मार्च 2026/sns/- प्रदेश की महिलाओं को सौगात देते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय वृहद महतारी वंदन सम्मेलन कार्यक्रम के माध्यम से राज्य सहित जिले के 2 लाख 81 हजार 259 महिला हितग्राहियों को राशि अंतरित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से जिले के विकासखंड नवागढ़ के ग्राम तेंदुभाठा की श्रीमती सरस्वती केंवट से संवाद किया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वृहद महतारी वंदन सम्मेलन एवं मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन ऑडिटोरियम जांजगीर में किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित वृहद महतारी वंदन सम्मेलन का वर्चुअल माध्यम से प्रसारण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, जिला पंचायत सदस्य सुश्री आशा साव, श्रीमती उमा राजेंद्र राठौर, श्रीमती प्रियंका सिंह, श्रीमती मोहन कुमारी, श्रीमती नंदिनी राजवाड़े, श्रीमती अनुराधा शुक्ला, श्रीमती उमा सोनी, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री मोहन यादव, श्री अमर सुल्तानिया, श्री पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, श्री सुरेश जायसवाल, श्री देव प्रसाद बर्मन,कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी व बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है। मातृशक्ति हमारे समाज के लिए वंदनीय है और आज महिलाएं राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा से देश का नाम रोशन कर रही हैं।उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और यह सिद्ध कर रही हैं कि वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। जिले में महिलाओं की आजीविका में लगातार सुधार हो रहा है और उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिल रहा है। महतारी वंदन योजना, बीसी सखी योजना सहित अन्य योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जल स्तर लगातार नीचे जा रहा है, इसलिए जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं से जल संचय अभियान से जुड़कर सक्रिय रूप से भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कहा कि हमारी बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र में बेटियों ने यह साबित किया है कि यदि उन्हें समान अवसर और सही मार्गदर्शन मिले तो वे किसी से भी कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तब होती है जब बेटियां सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनती हैं।इसलिए यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम बेटियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करें, उन्हें आत्मविश्वासी बनाएं और उनके सपनों को साकार करने में सहयोग दें। कलेक्टर श्री महोबे ने सभी महिलाओं से स्वच्छता और जल संचय अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील भी की।
कार्यक्रम के दौरान मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन कर उपस्थित महिलाओं को लाभान्वित किया गया। सक्षम योजना एवं छत्तीसगढ़ महिला कोष अंतर्गत ऋण योजना के तहत महिलाओं को ऋण व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।


