छत्तीसगढ़

पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा बैठक, कलेक्टर ने प्रगति लाने के दिए निर्देश

पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा बैठक, कलेक्टर ने प्रगति लाने के दिए निर्देश

रायपुर, 06 मार्च 2026। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत विभिन्न बैंकों एवं विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिन बैंकों और संबंधित विभागों की प्रगति अपेक्षित नहीं पाई गई, उन्हें शीघ्र प्रगति लाने तथा योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में जिले के सभी बैंकों के प्रतिनिधि, विद्युत विभाग, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों, सब्सिडी की स्थिति तथा स्थापित सोलर रूफटॉप सिस्टम की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. सिंह ने जिले के सभी सीएसपीडीसीएल अधिकारियों को क्षेत्रवार प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सभी बैंकों के लक्ष्य की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को ऋण देने में विलंब न करें।

कलेक्टर ने आम नागरिकों को योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने, शिविरों का आयोजन करने तथा ग्राम और वार्ड स्तर पर प्रभावी प्रचार-प्रसार करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि तकनीकी स्वीकृति, ऋण स्वीकृति एवं सब्सिडी वितरण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी बैंक एवं संबंधित विभाग अपनी साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से जिला कार्यालय में प्रस्तुत करें, जिससे योजना की सतत निगरानी सुनिश्चित करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ प्रदान किया जा सके। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों एवं बैंकों से समन्वय स्थापित कर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिले में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की अपेक्षा व्यक्त की।

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप एवं जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *