बीजापुर, 02 मार्च 2026/sns/-आगामी होलिका दहन, होली एवं ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा व्यापारिक संगठनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशियों और एकता का संदेश देते हैं। अतः सभी नागरिक शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। बैठक के दौरान विभिन्न समाजों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए जिन्हें प्रशासन ने गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
प्रशासन द्वारा जारी प्रमुख निर्देश- होलिका दहन के लिए लकड़ी आदि की व्यवस्था करते समय किसी की निजी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाया जाए। सभी धर्मों का सम्मान करते हुए धार्मिक एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखा जाए। रात्रि 10 बजे तक ही होलिका दहन सम्पन्न किया जाए। उच्च ध्वनि में साउंड सिस्टम का उपयोग न किया जाए। तेज रफ्तार एवं नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर उनके अभिभावकों पर भी कार्रवाई की जाएगी। होली पर्व को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। नगरपालिका क्षेत्र में पानी की समुचित आपूर्ति, साफ-सफाई तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए नगर सेना की टीम तैनात रहेगी ताकि किसी भी स्थिति पर त्वरित नियंत्रण पाया जा सके। पुलिस विभाग द्वारा भी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने हेतु एडवाइजरी जारी की गई है।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी, उपाध्यक्ष श्री भुवन सिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना, एसडीएम बीजापुर श्री जागेश्वर कौशल सहित वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्षद, मीडिया प्रतिनिधि एवं व्यापारी संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आपसी सहयोग एवं समन्वय के माध्यम से त्योहारों को शांति, सुरक्षा और भाईचारे के साथ मनाना रहा। सभी उपस्थितजनों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए जिले में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

