छत्तीसगढ़

जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने किया परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण

कवर्धा, 02 मार्च 2026/sns/-छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हायर सेकेंडरी स्कूल प्रमाण पत्र परीक्षा (कक्षा 12वीं) अंतर्गत गणित एवं औद्योगिक संगठन के मूल तत्व विषय की परीक्षा के दौरान जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा गठित उड़नदस्ता दल ने सहायक संचालक श्री यू.आर. चंद्राकर के नेतृत्व में तथा एम.आई.एस. प्रशासक श्री सतीश कुमार यदु के साथ संयुक्त रूप से विकासखंड कवर्धा स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण किए गए केंद्रों में पीएम श्री सेजेस उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम कवर्धा, सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कवर्धा, स्वामी करपात्री जी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कवर्धा तथा सेजेस कवर्धा रानी दुर्गावती चौक शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक एवं सुचारू रूप से संचालित होती पाई गई। परीक्षा भवनों में पेयजल, प्रकाश, प्रसाधन एवं पर्याप्त फर्नीचर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। किसी भी परीक्षा केंद्र में अनुचित साधनों के उपयोग का कोई मामला सामने नहीं आया तथा ऐसे परीक्षार्थियों की संख्या निरंक पाई गई।
इसके अतिरिक्त, केंद्रों में ग्लूकोज, ओआरएस एवं अन्य आवश्यक प्राथमिक उपचार सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई थी। बोर्ड द्वारा निर्धारित प्रपत्रों एवं पंजियों का विधिवत संधारण भी किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सतत निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *