छत्तीसगढ़

आकस्मिक निरीक्षण में शिक्षा गुणवत्ता की सराहना, गणित प्रशिक्षण पर दिया जोर

सुकमा, 25 फरवरी 2026/sns/-डाइट दंतेवाड़ा के प्राचार्य श्री शैलेश सिंह ने बालक आश्रम कुड़मेलपारा सहित हाई स्कूल मूर्तोंडा एवं बालक आश्रम गोंडेरास का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में अध्यापन स्तर का आकलन कर संतोष व्यक्त किया।
बालक आश्रम कुड़मेलपारा में ‘बाला पेंटिंग’ और बच्चों द्वारा पत्थरों पर की गई रचनात्मक चित्रकारी की उन्होंने भूरी-भूरी प्रशंसा की। विद्यार्थियों ने उनके प्रश्नों का आत्मविश्वास से उत्तर दिया, जिससे वे प्रभावित हुए। बच्चों ने अपने हाथों से बनाए फ्लॉवर पॉट भेंट कर स्वागत किया।
बालक आश्रम गोंडेरास में गणित विषय विशेषकर भिन्न के सवालों को हल करने की विधि देखकर प्राचार्य ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने जिले में गणित के प्रति विद्यार्थियों का डर दूर करने और अध्यापन को अधिक रुचिकर बनाने हेतु जिला स्तर पर शिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित करने के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी से चर्चा की। इस अवसर पर डाइट दंतेवाड़ा के व्याख्याता श्री पुरुषोत्तम साहू एवं श्री संतोष मिश्रा भी उपस्थित रहे। निरीक्षण को शिक्षा गुणवत्ता सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *