छत्तीसगढ़

40 छात्रों ने साइंस पार्क, कलेक्ट्रेट कार्यालय और तुंगल बांध का भ्रमण

सुकमा, 20 फरवरी 2026/sns/-जिले के विद्यार्थियों के लिए गुरुवार का दिन ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी रहा। शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत माध्यमिक शाला बंडा, माध्यमिक शाला नुलकातोंग, माध्यमिक शाला चिंताकोन्टा तथा बालक आवासीय विद्यालय कोन्टा के कुल 40 विद्यार्थी साइंस पार्क सुकमा पहुँचे।
इस भ्रमण का उद्देश्य छात्रों में विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करना, वैज्ञानिक सिद्धांतों को प्रयोगात्मक रूप में समझाना तथा उन्हें जिला मुख्यालय से परिचित कर व्यापक दृष्टिकोण प्रदान करना था। साइंस पार्क में विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण का नियम, न्यूटन का तृतीय गति नियम, फ्लोटिंग बर्ड, लोलक, सूर्य घड़ी, प्रतिध्वनि नली, न्यूटन डिस्क, समतल एवं गोलाकार दर्पण, कोलॉइडल पथ तथा केन्द्रापसारक बल जैसे विविध वैज्ञानिक मॉडलों का जीवंत प्रदर्शन कराया गया। विद्यार्थियों ने स्वयं मॉडलों का प्रयोग कर अवधारणाओं को समझा, जिससे उनमें जिज्ञासा, आत्मविश्वास और सीखने का उत्साह स्पष्ट रूप से बढ़ा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जिला कार्यालय का भी अवलोकन किया, जहाँ अमित कुमार (कलेक्टर, सुकमा) ने उनसे आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने विद्यार्थियों का परिचय लिया, कार्यालयीन कार्यप्रणाली की जानकारी दी तथा साइंस पार्क में सीखे गए वैज्ञानिक सिद्धांतों से जुड़े प्रश्न पूछकर उनकी समझ को परखा। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को निर्भीक होकर प्रश्न पूछने के लिए प्रेरित किया और उनके सवालों का विस्तार से उत्तर देते हुए उनके क्षेत्र की समस्याओं एवं आवश्यकताओं की भी जानकारी ली। इस संवाद ने विद्यार्थियों में प्रशासन के प्रति विश्वास और प्रेरणा का भाव उत्पन्न किया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में विद्यार्थियों ने तुंगल जलाशय में नौकायान का आनंद लिया तथा वहाँ की पारिस्थितिकी संबंधी जानकारी प्राप्त की। प्राकृतिक वातावरण के बीच सामूहिक भोजन के साथ यह शैक्षिक भ्रमण ज्ञान, अनुभव और उत्साह से परिपूर्ण होकर संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *