छत्तीसगढ़

बस्तर संभाग के युवाओं को मिला रोजगार का बड़ा मंचदो दिवसीय मेले में 347 उम्मीदवारों का हुआ चयन


जगदलपुर, 18 फरवरी 2026/sns/- जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, जगदलपुर के तत्वावधान में बस्तर संभाग के युवाओं के लिए आयोजित दो दिवसीय संभाग स्तरीय रोजगार मेला सफलता के साथ संपन्न हुआ। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के समीप स्थित लाइवलीहुड कॉलेज आड़ावाल में 16 और 17 फरवरी को आयोजित कार्यक्रम में निजी क्षेत्र के कुल 20 नियोजकों ने शिरकत की, जहाँ उन्होंने स्थानीय प्रतिभाओं का साक्षात्कार कर उन्हें अपनी कंपनियों में अवसर प्रदान किए।

इस रोजगार मेले को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा गया, जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दो दिनों के भीतर कुल 1306 आवेदकों ने साक्षात्कार प्रक्रिया में हिस्सा लिया। रोजगार अधिकारी जगदलपुर से मिली जानकारी के अनुसार 347 युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर विभिन्न पदों के लिए अंतिम रूप से चयनित कर लिया गया है। मेले में शामिल प्रमुख नियोजकों में अलर्ट एसजीएस प्राइवेट लिमिटेड, वर्धमान टेक्सटाइल लिमिटेड, लेविवाान सॉल्यूशंस, श्री हरि ट्रैक्टर्स और शिवम् कमर्शियल्स जैसी बड़ी कंपनियां शामिल रहीं। इन कंपनियों ने असिस्टेंट सुपरवाइजर, कंप्यूटर ऑपरेटर, मशीन ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, सेल्स एग्जीक्यूटिव, इलेक्ट्रीशियन और टेक्नीशियन जैसे विविध पदों पर नियुक्तियां की हैं। विशेष रूप से तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों क्षेत्रों के युवाओं के लिए यह मेला एक मील का पत्थर साबित हुआ।

 इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बस्तर संभाग के शिक्षित और हुनरमंद युवाओं को निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित संस्थानों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब ये युवा जल्द ही अपनी नई भूमिकाओं में कार्यभार संभालेंगे, जिससे न केवल उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *