छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने की विभिन्न विभागों के योजनाओं की समीक्षा

मुंगेली, 17 फरवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर शासकीय योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में उन्होंने विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही सुशासन का आधार है और प्रत्येक अधिकारी को जवाबदेही के साथ कार्य करना चाहिए।
बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि यह शासन की एक अत्यंत लाभकारी एवं महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को सौर ऊर्जा से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सीएसपीडीसीएल अंतर्गत योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने जिन जिलों में योजना के क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन हुआ है, उनका तुलनात्मक मूल्यांकन कर जिले की प्रगति के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति एवं रैंकिंग पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने महतारी वंदन योजना, टेक होम राशन (टीएचआर) सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और हितग्राहियों तक समयबद्ध लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को योजनावार प्रगति पत्रक तैयार करने, उसका नियमित मूल्यांकन करने तथा कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार उन्होने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय निकाय सहित अन्य विभागों की समीक्षा कर लक्षित प्रगति लाने निर्देशित किया। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *