मुंगेली, 17 फरवरी 2026/sns/- राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में एचआईवी/एड्स की रोकथाम तथा गर्भवती महिलाओं को शत-प्रतिशत स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के सभाकक्ष में जिला स्तरीय समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने जिले की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने वार्षिक लक्ष्यानुसार उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए गर्भवती महिलाओं में एचआईवी/सिफिलिस जांच को और अधिक सुदृढ़ करने तथा संदिग्ध टीबी जांच बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ऑनलाइन पोर्टल में शत-प्रतिशत डाटा एंट्री सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। किसी भी प्रकार की जांच किट की कमी होने पर संबंधित ब्लॉक स्तर पर खंड चिकित्सा अधिकारी को तत्काल लिखित मांग पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
सीएमएचओ ने निर्देशित किया कि शासकीय अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को सम्मानपूर्वक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। बैठक में पोस्ट एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस, एचआईवी एक्ट 2017, दिशा रिपोर्टिंग एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के संबंध में भी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में एचआईवी/एड्स नियंत्रण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना रहा। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गिरीश कुर्रे, जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. सुदेश रात्रे, जिले के तीनों विकासखंड के खंड चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

