मुंगेली, 28 जनवरी 2026/sns/- विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन, ग्रामीण (वी बी जी राम जी) अधिनियम, 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं ग्रामीणों को उनके अधिकारों से अवगत कराने के उद्देश्य से मुंगेली जिले में सूचना, शिक्षा एवं संचार (आई ई सी) गतिविधियाँ व्यापक स्तर पर संचालित की जा रही हैं। जिले की सभी 367 ग्राम पंचायतों में अब तक 1400 से अधिक विभिन्न स्थलों पर दीवार लेखन पूर्ण किया जा चुका है, वहीं पंचायत स्तर पर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। आई ई सी गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को अधिनियम के प्रावधानों, रोजगार एवं आजीविका से जुड़े अधिकारों, पारदर्शी मजदूरी भुगतान व्यवस्था तथा पंचायत आधारित योजना निर्माण की जानकारी सरल एवं तथ्यपरक रूप में दी जा रही है। इसके लिए ग्राम सभाएँ, जनसंवाद, रैली, पोस्टर-बैनर, दीवार लेखन एवं प्रत्यक्ष संवाद जैसे विविध माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा दिनांक 26 जनवरी 2026 से 01 मार्च 2026 तक सप्ताहवार आई ई सी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रथम सप्ताह में भ्रम बनाम तथ्य एवं रोजगार से परिसंपत्ति निर्माण की जानकारी, द्वितीय सप्ताह में अधिकार संरक्षण संकल्प दिवस, तृतीय सप्ताह में विकसित भारत ग्राम संवाद,चतुर्थ सप्ताह में अहिंसा से अधिकार, पंचम सप्ताह में नवीन अधिनियम पर पंचायत राज पदाधिकारियों के साथ संवाद, षष्ठम सप्ताह में विकसित भारत श्रमिक सम्मान कार्यक्रम जैसे विषयों पर फोकस रहेगा। इस संबंध में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि वीबीजीरामजी अधिनियम ग्रामीणों के रोजगार एवं आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आई ई सी गतिविधियों के माध्यम से जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी पहुँचाई जा रही है, जिससे पात्र परिवार अपने अधिकारों और योजनाओं का पूर्ण लाभ प्राप्त कर सकें। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि वी बी जी राम जी अधिनियम से संबंधित सही, स्पष्ट एवं प्रामाणिक जानकारी ग्राम स्तर तक पहुँचे, जिससे ग्रामीणों में अधिनियम के प्रति जागरूकता के साथ-साथ विश्वास भी सुदृढ़ हो।


