छत्तीसगढ़

ग्राम रींवापार के भरत सोनी ने सुगमता के साथ बेचा 206 क्विंटल धान

मुंगेली, 08 जनवरी 2026/sns/- मुंगेली विकासखंड के ग्राम रींवापार निवासी प्रगतिशील किसान श्री भरत सोनी ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में रकबा समर्पण कर जिले के किसानों के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने उपार्जन केंद्र नवागांव घुटेरा में सुगमता के साथ 206 क्विंटल धान का विक्रय किया, साथ ही 49.20 क्विंटल धान का रकबा समर्पण भी किया। उन्होंने खरीदी केंद्र पर उपलब्ध सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि खरीदी केंद्र में टोकन प्रक्रिया अत्यंत सरल एवं सुगम है, जिससे किसानों को बिना किसी परेशानी के अपनी बारी प्राप्त हो रही है। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक तौल व्यवस्था तेज़, सटीक एवं पूर्णतः पारदर्शी है, जिससे तौल में किसी प्रकार की शंका नहीं रहती। इसके अतिरिक्त किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खरीदी केंद्र में छाया, पेयजल एवं बैठने की उत्तम व्यवस्थाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे किसानों को सहज एवं सुरक्षित वातावरण में धान विक्रय की सुविधा मिल रही है।
भरत सोनी ने बताया कि रकबा समर्पण से वास्तविक उत्पादन के अनुरूप धान खरीदी सुनिश्चित होती है, जिससे फर्जी रिकॉर्डिंग एवं अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगता है। उन्होंने अन्य पंजीकृत किसानों से भी अपील की कि धान विक्रय के पश्चात शेष बचे रकबा का समर्पण अवश्य करें, ताकि शासन की धान खरीदी व्यवस्था और अधिक पारदर्शी बन सके। भरत सोनी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासनिक प्रयासों से धान खरीदी प्रक्रिया अब पहले से कहीं अधिक आसान, तेज़ और भरोसेमंद हो गई। बता दें कि कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों पर रकबा सत्यापन एवं फिजिकल वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को और सुदृढ़ किया गया है। इससे जिले में धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र किसानों तक पहुँचेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *