छत्तीसगढ़

कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ ने तहसील कार्यालय लोरमी का किया औचक निरीक्षण

मुंगेली, 23 दिसम्बर 2025/sns/-कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय ने तहसील कार्यालय लोरमी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं, राजस्व प्रकरणों की स्थिति, अभिलेख संधारण, लोक सेवाओं के समयबद्ध निराकरण तथा आम नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं का गहन जायजा लिया।
कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व से जुड़े मामलों का शीघ्र एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तहसील कार्यालय की साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और कर्मचारियों की उपस्थिति का भी अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को कार्य संस्कृति में सुधार लाने, जवाबदेही के साथ कार्य करने और जनता के प्रति संवेदनशील रहने की समझाइश दी। जिला पंचायत सीईओ ने भी कार्यालयीन कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री अजीत पुजारी सहित संबंधित तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *