छत्तीसगढ़

प्रशासन गांव की ओर 19 से 25 दिसंबर तक सुशासन सप्ताह

मुंगेली, 15 दिसम्बर 2025/sns/- प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग, भारत सरकार के मार्गदर्शन में “प्रशासन गांव की ओर” थीम पर 19 से 25 दिसंबर तक सुशासन सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अभियान का उद्देश्य विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए गांवों में शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं का त्वरित लाभ, जरूरी प्रमाण-पत्रों की सुविधा, तथा जन शिकायतों का निवारण करना है।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने मनियारी सभाकक्ष में आयोजित बैठक के दौरान सभी संबंधित अधिकारियों को सुशासन सप्ताह के सफल आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के गैप चिन्हांकन, प्राथमिकता वाले हितग्राहियों को योजनाओं से संतृप्त करने और प्रत्येक शिविर में जनहित सेवाओं को प्रभावी रूप से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर ने शिविर सूची में एटीआर के वनांचल गांवों को शामिल नहीं करने पर नाराजगी जताते हुए लोरमी जनपद सीईओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में गांव के गरीब, किसान एवं आमजन को आय, जाति, निवास, जन्म-मृत्यु पंजीयन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, राजस्व प्रकरणों तथा अन्य सभी अनिवार्य सेवाओं का लाभ स्थल पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। इससे शासन के सुशासन के संकल्प को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से उतारा जा सकेगा। पंचायत विभाग के उपसंचालक श्री घोषले ने बताया कि जिले के तीनों विकासखंडों में करीब 15 शिविर आयोजित किए जाएंगे। बैठक में एडीएम श्रीमती निष्ठा पांडे तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, सभी अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) तथा अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *