छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय स्तर का “आत्मनिर्भर श्रवण बाधित दिव्यांग कौशल उन्नयन शिविर” 19 से 23 दिसम्बर तक रायपुर के जैनम मानस भवन में


बीजापुर, 02 दिसम्बर 2025/sns/-छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम, छत्तीसगढ़ शासन तथा महावीर इंटरकांटिनेन्टल सर्विस ऑर्गनाइजेशन, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर का “आत्मनिर्भर श्रवण बाधित दिव्यांग कौशल उन्नयन शिविर” आयोजित किया जा रहा है। निगम के संचालक मंडल द्वारा राज्य के प्रतिष्ठित संस्थान महावीर इंटरकांटिनेन्टल सर्विस ऑर्गनाइजेशन के साथ मिलकर यह आयोजन करने का निर्णय लिया गया है। संस्था द्वारा अब तक देश के विभिन्न प्रांतों में 24 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें प्रशिक्षण प्राप्त दिव्यांगजन 15000 रुपये मासिक तक की आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
शिविर 19 से 23 दिसंबर 2025 तक जैनम मानस भवन, एयरपोर्ट रोड, रायपुर में आयोजित होगा। इसमें देशभर से लगभग 1200 से अधिक श्रवण एवं दृष्टिबाधित दिव्यांगजन भाग लेंगे। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को कौशल उन्नयन के साथ-साथ बौद्धिक, शारीरिक एवं आध्यात्मिक विकास से जुड़े प्रशिक्षण भी दिए जाएंगे।
आयोजन हेतु दिव्यांगजनों से अनुरोध किया गया है कि 12 से 24 वर्ष आयु वर्ग के श्रवण एवं दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों, शासकीय एवं गैर-शासकीय संस्थाओं से को चयन कर भेजा जाए। प्रति संस्था 20 श्रवण बाधित 10 बालक, 10 बालिकाएं, 5 दृष्टिबाधित तथा 2 पुरुष, 2 महिला शिक्षक और 1 सहायक को शामिल किए जाने के निर्देश जारी करने का आग्रह किया गया है, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजन शिविर का लाभ ले सकें।
कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क होगा। शिविर स्थल पर प्रतिभागियों के आवास, भोजन तथा प्रशिक्षण की सभी व्यवस्थाएँ महावीर इंटरकांटिनेन्टल सर्विस ऑर्गनाइजेशन रायपुर द्वारा की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *