छत्तीसगढ़

पुनर्वासितों के सशक्त भविष्य की ओर कदम पुनर्वास केंद्र में लगा जागरूकता शिविर


बीजापुर, 13 नवंबर 2025/- कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के दिशा-निर्देश पर पुनर्वास केंद्र बीजापुर में आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से विभागीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य पुनर्वासित व्यक्तियों को शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना रहा।
शिविर में कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुधन विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागियों को बताया गया कि वे वनाधिकार पत्र, जमीन का पट्टा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान पंजीयन, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, सिंचाई स्रोत हेतु सब्सिडी, डबरी एवं तालाब निर्माण, मछली पालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन, सूकर पालन तथा उद्यानिकी फसलों के उत्पादन जैसी योजनाओं का लाभ कैसे प्राप्त कर सकते हैं। अधिकारियों ने पुनर्वासित व्यक्तियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित होकर आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि करने एवं स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। शिविर में उपस्थित लाभार्थियों ने शासन की योजनाओं के प्रति उत्साह और विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से उन्हें नए जीवन की राह मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *