छत्तीसगढ़

युवा रत्न सम्मान योजना: राज्य शासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं एवं संगठनों को मिलेगा



रायगढ़, 11 नवम्बर 2025/sns/-छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवाओं के उत्कृष्ट योगदान और नवाचारों को सम्मानित करने के उद्देश्य से इस वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए “युवा रत्न सम्मान योजना” जारी की गई है। इस योजना के तहत राज्य शासन द्वारा ऐसे व्यक्तियों एवं स्वैच्छिक संगठनों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने युवा कल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में अविस्मरणीय कार्य, सेवाएं या अभिनव प्रयास किए हैं। योजना अंतर्गत साधारण एवं विशिष्ट सेवा कार्य हेतु एक युवा को 2.5 लाख रुपए तथा एक स्वैच्छिक संगठन को 5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि के साथ “छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान” प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों जैसे सामाजिक सेवा, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, महिला एवं बाल विकास, दिव्यांगजन, कला एवं संगीत तथा लोककला में  उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रत्येक क्षेत्र से एक युवा को 1 लाख रुपए की पुरस्कार राशि, पदक, प्रमाण पत्र और शॉल प्रदान की जाएगी। विशेष रूप से महिला एवं बाल विकास श्रेणी में पुरस्कार केवल महिलाओं या बालिकाओं को ही प्रदान किया जाएगा।
डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण ने बताया कि किसी व्यक्ति या संगठन को एक ही श्रेणी का सम्मान एक से अधिक बार प्रदान नहीं किया जाएगा। पात्रता के अनुसार, आवेदक छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना चाहिए तथा उसकी आयु 15 से 29 वर्ष के बीच (जिस वित्तीय वर्ष को पुरस्कार प्रदान किया जाना है, उसके 1 अप्रैल को 15 वर्ष पूर्ण और 31 मार्च तक 29 वर्ष से कम) होनी चाहिए। इच्छुक व्यक्ति या संगठन अपने आवेदन 30 नवम्बर 2025 तक कार्यालयीन समय में सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय, जिला रायगढ़ में जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए आवेदक कार्यालयीन समय में सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण, जिला रायगढ़ से संपर्क कर सकते हैं या मोबाइल नंबर 9770752697 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *