बिलासपुर, 08 नवम्बर 2025/sns/- विश्व बैंक समर्थित भारत सरकार की योजना रैम्प के अंतर्गत जल संसाधन परिसर के प्रार्थना भवन में ‘’उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यक्रम’’ का आयोजन जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र बिलासपुर के तत्वाधान में आयोजित किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य एमएसएमई को हरित बनाने में सहायता करना, ऋण तक पहुंच को सुगम बनाना बाजार तक पहुंच बनाना विलंबित भुगतान के मुद्दों का समाधान करना एवं इस संबंध में भागीदारों के साथ चर्चा परिचर्चा कर समाधान करना मुख्य उद्देश्य है।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने नवीन उद्यमियों को संबोधित करते हुए बताया कि यदि व्यापार व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़ना है तो बैंक का सहयोग अनिवार्य है साथ ही उन्होंने हितग्राहियों से समयावधि में किस्त पटाने एवं बैंकिग नियमों के पालन के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर के द्वारा पीएमईजीपी एवं पीएमएफएमई के छः हितग्राहियों को चेक वितरण किया गया। इसी कड़ी में जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल द्वारा उद्यमियों को मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही महिला स्व-सहायता समूहों को पीएमएफएमई योजना अंतर्गत लाभ प्रदान करने हेतु बैंकों को निर्देशित किया गया एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र बिलासपुर के मुख्य महाप्रबंधक श्री सी.आर.टेकाम के द्वारा प्रतिभागियों को कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराते हुए नवीन उद्यम स्थापना के संबंध में औद्योगिक नीति 2024-30 के अंतर्गत प्रावधान, अनुदान, रियायतें, छूट एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का अध्यक्षता कर रहे श्री अविनाश सोनी, क्षेत्रीय प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक के द्वारा अपने उद्बोधन में ऋण हेतु किये गये आवेदनों पर सकारात्मक विचार एवं सहयोग करने का आश्वासन दिया गया। इसी कड़ी में लीड बैंक अधिकारी श्री दिनेश उरांव के द्वारा विभिन्न बैंक शाखाओं में शासकीय योजनाओं के लंबित प्रकरणों पर स्वीकृति एवं वितरित करने में विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर लक्ष्य पूर्ति करने में कटिबद्ध होना बताया गया।
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के प्रबंधक श्री सुनील पाण्डेय द्वारा विभागीय योजना पीएमएफएमई की जानकारी दी गयी एवं बैंको से अनुरोध किया गया कि इस योजना के प्रकरणों का निपटारा तीव्र गति से करें। प्रबंधक श्री सी.एस.बिंझवार द्वारा पीएमईजीपी योजना की जानकारी दी गयी। स्टेट बैंक की रेसमिक शाखा के प्रबंधक श्री मनीष त्रिपाठी द्वारा बैंकों की आवेदकों से अपेक्षाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की गयी। प्रत्येक सत्र के पश्चात आवेदकों द्वारा प्रश्न पूछे गये जिनका विभागीय अधिकारियों एवं बैंकर्स द्वारा समाधानकारक उत्तर दिया गया।
कार्यक्रम में लगभग 90 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए एवं उनके जानकारी प्राप्त करने की उत्सुकता और उत्तर प्रतिउत्तर से कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी श्री सी.डी. प्रसाद महाप्रबंधक, श्री संतोष धुर्वे महाप्रबंधक, श्री सत्येंद्र वर्मा प्रबंधक, श्री सुनील पाण्डेय प्रबंधक, श्री ए.श्रीधर राव प्रबंधक, श्रीमती रेवती लहरे प्रबंधक, श्रीमती आरती झलरिया प्रबंधक, एवं मत्स्य पालन, पशुधन विकास विभाग, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड तथा जिला पंचायत के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही जिले में नियुक्त डीआरपी, महिला स्व सहायता समूह के सदस्य, सफल उद्यमी एवं विभागीय योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित रहे।


