बीजापुर, 10 अक्टूबर 2025/sns/ -छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव के अंतर्गत आज “विशेष मानसिक स्वास्थ्य दिवस” के अवसर पर आयुष विभाग द्वारा जिले में विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। योगा वेलनेस सेंटर बीजापुर के द्वारा यह मुख्य कार्यक्रम जीएडी कालोनी बीजापुर परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने हेतु विशेष योगाभ्यास सत्र संपन्न हुआ। इस सत्र में प्रतिभागियों को आसन, प्राणायाम, ध्यान, योगनिद्रा, तथा सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर योग प्रशिक्षकों ने मानसिक तनाव, चिंता एवं अवसाद जैसे मानसिक रोगों में योग की उपयोगिता और प्रभावशीलता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास मानसिक शांति, एकाग्रता और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में सहायक होता है। सिर्फ मुख्य कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आयुष स्वास्थ्य केंद्रों तथा विभिन्न स्कूलों में भी समान रूप से योग अभ्यास कराए गए, जिससे जिलेभर में जनजागरूकता का वातावरण निर्मित हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और योग को जन-जन तक पहुंचाना था, जिसे जनसहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

