जगदलपुर, 30 सितम्बर 2025/sns/- छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत उद्योग विभाग के विशेष कार्यक्रम में मंगलवार को कलेक्टर श्री हरिस एस की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय आस्था हॉल में आयोजित जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की बैठक में औद्योगिक विकास नीति 2024-30 ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के अंतर्गत वन क्लिक पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी गई। इस मौके पर औद्योगिक क्षेत्रों के विकास हेतु कलेक्टर श्री हरिस द्वारा निजी भूमि पर भी औद्योगिक पार्क स्थापित करने एवं छूट प्रदाय किए जाने की जानकारी दी गई। वहीं उन्होने नवीन उद्योगों के स्थापना से संबंधित इन्वीटेशन टू इन्वेस्ट प्रमाण पत्र सम्बंधित इन्वेस्टर्स को प्रदान किया।
जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की बैठक में वन क्लिक पोर्टल से संबंधित समस्त जानकारी पॉवर पाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गई। साथ ही बस्तर जिले में निवेशकों को प्रदत्त सुविधाओं तथा उद्योग स्थापना में आने वाली कठिनाईयों पर चर्चा की गई। इस दौरान छत्तीसगढ़ चेम्बर आॅफ कामर्स, लघु उद्योग भारती तथा जूनियर चेम्बर आॅफ कामर्स के पदाधिकारी तथा सदस्यों के अलावा नव उद्यमियों
सहित विद्युत वितरण कम्पनी, नगर एवं ग्राम निवेश, खनिज, औद्योगिक सुरक्षा, छत्तीसगढ़ पर्यावरण मण्डल के अधिकारी मौजूद थे। बैठक के अंत में उद्योग विभाग के मुख्य महाप्रबंधक श्री अजीत सुन्दर बिलुंग ने कार्यक्रम में शामिल समस्त उद्योगपति एवं विभागों का आभार प्रकट किया।


