मोहला, 30 सितम्बर 2025/sns/- भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत जिले के 245 आदि ग्रामों का विलेज विजन प्लान 2030 तैयार किया जा रहा है। इस संबंध में आज कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस अवसर आर सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, समस्त सीईओ जनपद पंचायत एवं विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और बताया गया कि आदि ग्रामों में इनका प्रभावी क्रियान्वयन किस प्रकार सुनिश्चित किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अपने विजन प्लान को अंतिम रूप दें तथा उसे समय-सीमा में आदि कर्मयोगी पोर्टल पर अपलोड करें। बैठक में विलेज विजन प्लान 2030 में आवश्यक संशोधन कर उसे अंतिम रूप प्रदान किया गया। इसके पश्चात अब जिला स्तर पर जिला एक्शन प्लान भी तैयार किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि आदि कर्मयोगी अभियान ग्रामीण अंचल में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार एवं जनजातीय क्षेत्रों में वास्तविक बदलाव लाने का माध्यम है। मौके पर आदि कर्मयोगी अभियान के जिला प्रभारी एवं ट्राईफेड के प्रतिनिधि श्री शांतनु सहारन द्वारा जिले का दौरा कर अभियान के संबंध में आवश्यक सुझाव भी दिए गए।
उल्लेखनीय है कि आदि कर्मयोगी अभियान जनजातीय गौरव वर्ष 2025 के अंतर्गत 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक जिले के समस्त 245 आदि ग्रामों में संचालित किया जा रहा है। इन ग्रामों को कुल 23 क्लस्टरों में विभाजित किया गया है, जिनके लिए प्रभारी अधिकारी एवं नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक आदि ग्राम में कम से कम 20 आदि साथी नियुक्त किए गए हैं, जिनके सहयोग से ग्राम स्तर पर विजन प्लान तैयार कर 2 अक्टूबर को आयोजित विशेष ग्रामसभा में उसे अनुमोदित किया जाएगा।

