छत्तीसगढ़

धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ अंतर्गत तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ

अम्बिकापुर, 03 सितम्बर 2025/sns/- छत्तीसगढ़ शासन आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले में ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान 2024-25’ के तहत आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय प्रक्रिया प्रयोगशाला का तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज से प्रारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण 3 से 5 सितम्बर तक होटल सिग्नेचर इन, न्यू बस स्टैंड, अम्बिकापुर में आयोजित किया जा रहा है।

इस दौरान जिला मास्टर ट्रेनर्स (डीएमटी) द्वारा विकासखंड मास्टर ट्रेनर्स (बीएमटी) को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जलशक्ति, वन विभाग और अन्य विभागों में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु दक्ष बनाना है।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री विलास भोसकर ने कहा कि ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। इस प्रशिक्षण से युवाओं और संस्थानों की क्षमता में वृद्धि होगी। सरगुजा जिला जनजाति बाहुल्य है, जिसमें विशेष रूप से पहाड़ी कोरवा, पंडों और मांझवार समुदायों के व्यवहारिक जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। कलेक्टर ने कहा कि समुदाय की सक्रिय सहभागिता से शासन की योजनाएं अधिक पारदर्शी होंगी और उनका लाभ आमजन तक सुगमता से पहुंचेगा। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए निष्ठा और गंभीरता से प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल ने ब्लॉक स्तर के प्रशिक्षणार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम समाज और प्रशासन की साझेदारी को और मजबूत करेगा। इससे समुदाय अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति न केवल सजग होंगे, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका जैसे क्षेत्रों में ठोस बदलाव भी देखने को मिलेगा। श्री अग्रवाल ने कहा कि स्थानीय युवा शासन की योजनाओं का रोडमैप तैयार करने में अपनी महत्वपूर्ण सहभागिता निभाएंगे।

इस प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों से कुल 50 से अधिक मास्टर ट्रेनर्स शामिल हो रहे हैं। ट्राइफेड दिल्ली से जिला नोडल अधिकारी श्री करण कुमार, आदिवासी विकास विभाग के उपसंचालक श्री ललित शुक्ला जिला मास्टर ट्रेनर्स में आदिवासी विकास विभाग से श्री गिरधारी लाल बालेंद्र, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से श्री नवीन सोनी, महिला एवं बाल विकास विभाग से श्री बसंत मिंज, स्वास्थ्य विभाग से श्री गजेंद्र पैकरा, शिक्षा विभाग से श्री बी.बी. राम, जलशक्ति विभाग से श्री एम.के. गुप्ता तथा वन विभाग से श्रीमती जेनी ग्रेस मिंज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *