सुकमा, 01 सितम्बर 2025/sns/- कलेक्टर एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति अध्यक्ष देवेश कुमार ध्रुव के मार्गदर्शन और राज्य साक्षरता मिशन के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा विषयक जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को स्वामी विवेकानंद बहुउद्देश्यीय सभागार सुकमा में आयोजित किया गया।
प्रतियोगिता में विकासखंड स्तर पर चयनित टीमों ने भाग लिया। डीएवी स्कूल रोकेल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकमा को द्वितीय तथा डीएवी स्कूल सुकमा को तृतीय स्थान मिला। विजेता टीमों को क्रमशः 7000 रूपए, 5000 रूपए और 3000 रूपए तथा शेष प्रतिभागी टीमों को 2000-2000 रूपए सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
विजेताओं को जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी एवं जिला मिशन समन्वयक श्री उमाशंकर तिवारी ने पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
जिले से चयनित टीमें अब 6 सितम्बर को संभाग स्तरीय और तत्पश्चात 13 सितम्बर को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। राज्य स्तर पर प्रथम स्थान विजेता टीम को 35,000 रूपए, द्वितीय को 25,000 रूपए और तृतीय को 20,000 रूपए का पुरस्कार मिलेगा। सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, निर्णायक मंडल और अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

