छत्तीसगढ़

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर ग्राम सभाओं का हुआ आयोजन

पेशा कानून, वन अधिकार कानून, पंचायत विकास सूचकांक, सतत विकास लक्ष्य पर चर्चा

जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता एवं नशा मुक्त की दिलाई शपथ

सुकमा, नवंबर 2024/sns/ भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आज जिले भर में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव और जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता जैन के मार्गदर्शन में  जिले के सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन हुआ, जिसमें जनजातीय अधिकार, विकास योजनाओं और सतत विकास के लक्ष्यों पर चर्चा की गई।
ग्राम सभाओं में पेशा कानून, वन अधिकार अधिनियम, पंचायत विकास सूचकांक और सतत विकास लक्ष्यों पर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र की पूजा-अर्चना कर उनकी विचारधारा पर चर्चा हुई। इन ग्राम सभाओं में स्वच्छता और नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
विशेष ग्राम सभा में पेसा अधिनियम और वन अधिकार अधिनियम के तहत ग्राम पंचायतों को उनके अधिकार और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में यह बताया गया कि पेसा अधिनियम आदिवासी समुदायों की परंपराओं, सांस्कृतिक पहचान और सामुदायिक संसाधनों की सुरक्षा को सुनिश्चित करता है।
वन अधिकार अधिनियम के तहत व्यक्तिगत और सामुदायिक वन अधिकारों के प्रावधानों पर चर्चा की गई। इसके अलावा, पंचायत विकास सूचकांक के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, महिला एवं बाल विकास जैसे क्षेत्रों की प्रगति का स्कोरकार्ड ग्राम पंचायत को दिखाया गया।
विशेष ग्राम सभा कार्यक्रम में ष्पेड़ मां के नामष् अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस आयोजन में सरपंच, पंचायत सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, स्वास्थ्यकर्मी,  बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *