मुंगेली 16 दिसम्बर 2022// कलेक्टर श्री राहुल देव द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में जिले में समर्थन मूल्य पर हो रही धान खरीदी कार्य का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में उन्होंने आज जिले के विकासखण्ड मुंगेली के धान उपार्जन केन्द्र मदनपुर पहुंचे और धान खरीदी कार्य का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने उपार्जन केन्द्र में अब तक की कुल धान खरीदी और उठाव, बारदाना की उपलब्धता, स्टेकिंग, प्रतिदिन जारी टोकन आदि का बारीकी से अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि धान उपार्जन केन्द्र में धान की आवक में दिनों-दिन बढ़ोत्तरी हो रही है। इसे ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्था दुरूस्त रखें। व्यवस्थित रूप से धान खरीदी हो। किसान को किसी को किसी भी प्रकार से समस्या नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के मंशानुरूप समर्थन मूल्य पर उपार्जन केन्द्रों में सभी पंजीकृत किसानों का धान खरीदा जाएगा। उन्होंने किसानों की रकबा में त्रुटि संबंधी समस्याओं का निराकरण कर धान खरीदी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मिलरों से सम्पर्क स्थापित कर धान के उठाव में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी कार्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। धान उपार्जन केंद्र में शिकायत मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कोचियों और बिचैलियों पर भी कड़ी निगरानी रखने और सभी नोडल अधिकारा को संबंधित धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
