समाचारपद्म पुरस्कारों के लिए मंगाए गए आवेदन जगदलपुर , जून 2022/ गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष विभिन्न क्षेत्रों में प्रदान किये जाने वाले पदम पुरस्कार हेतु वर्ष 2023 के लिये पात्र व्यक्तियों से निर्धारित प्रारूप में नामांकन प्रस्ताव आमंत्रित किया गया है। वर्ष 2023 में पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पदम श्री पुरस्कार प्रदान करने हेतु निर्धारित पात्रता एवं मापदंड अनुरूप स्पष्ट अनुशंसा सहित योग्य पात्र व्यक्तियों के नामांकन प्रस्ताव 10 अगस्त 2022 तक खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय, द्वारा मंगाई गई है। पद्म पुरस्कार अर्थात् पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार हंै। इस पुरस्कार में उत्कृष्ट कार्य को मान्यता प्रदान की जाती है और इसे सभी क्षेत्रों, विषयों जैसे कला साहित्य और शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान और इंजीनियरिंग, सार्वजनिक मामलों इत्यादि में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों व सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। कोई भी व्यक्ति किसी जाति व्यवसाय हैसियत या लिंग के भेदभाव के बिना इन पुरस्कारों के पात्र है। इन पुरस्कारों से संबंधित विधान और नियमावली भारत सरकार के आधिकारिक वेबसाइट www.padmaawards.gov. पर उपलब्ध है। पदम पुरस्कार के लिए नामाकन केवल ऑनलाईन पोर्टल www.padmaawards.gov. पर ही स्वीकार की जाएगी। नामांकन में अनुशासित व्यक्ति की उससे संबंधित क्षेत्र विषय में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों का स्पष्ट रूप से उल्लेख करते हुए विवरणात्मक रूप में प्रशस्ति पत्र सहित उपर्युक्त पोर्टल पर उपलब्ध प्रारूप में उल्लिखित सभी प्रासंगिक जानकारी दी जानी चाहिए। ऑनलाईन नामांकन करने की क्रमवार प्रक्रिया उपर्युक्त वेबसाइट www.padmaawards.gov. पर दी गई है। अंतिम तिथि के पश्चात प्राप्त होने वाले नामांकन पर विचार नहीं किया जायेगा।
ऑनलाईन नामांकन पश्चात जिले के कार्यालय सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण जिला- बस्तर जगदलपुर में नामांकन पत्र की छायाप्रति 09 अगस्त 2022 कार्यालयीन समय तक जमा किया जा सकता है। निर्धारित तिथि व समय के पश्चात् प्राप्त नामाकन पर विचार नहीं किया जायेगा। नामांकन की प्रक्रिया एवं पद्म पुरस्कार से संबंधित अधिक जानकारी हेतु खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला कार्यालय जगदलपुर से कार्यालयीन दिवस एवं समय पर संपर्क किया जा सकता है।