छत्तीसगढ़

कलेक्टर, एसपी ने किया धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण

उत्तर बस्तर कांकेर / दिसम्बर 2021- जिले में आज से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी शुरू हो गई है। धान खरीदी के पहले दिन किसानों द्वारा खरीदी केन्द्रों में विधिवत पूजा अर्चना की गई एवं धान विक्रय के लिए तौल कराया गया। जिले के कलेक्टर श्री चन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा ने आज धान खरीदी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर सुविधाओं की जानकारी ली तथा किसानों से बातचीत कर उनका हालचाल पूछा एवं धान खरीदी में बारदाना उपलब्ध कराकर सहयोग करने की अपील किया। किसानों से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा धान खरीदी हेतु पुराने जूट बारदाने की दर 18 रूपये प्रति नग से बढ़ाकर अब 25 रूपया प्रति नग कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष किसानों द्वारा 21 लाख 10 हजार 37 नग जूट के पुराने बारदाने धान खरीदी के लिए उपलब्ध कराये गये थे, जिसकी राशि 162 लाख 05 हजार रूपये किसानों के खाते में शासन द्वारा जमा करा दी गई है।
कलेक्टर श्री चन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा ने  आज कांकेर विकासखण्ड के धान खरीदी केन्द्र नाथियानवागांव, चारामा विकासखण्ड के लखनपुरी, चारामा, चावड़ी, लिलेझर एवं कोटतरा तथा कांकेर विकासखण्ड के धान खरीदी केन्द्र पोटगांव का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया, किसानों से बातचीत की एवं खरीदी केन्द्रों में पेयजल एवं छाया तथा धान स्टेकिंग के लिए डैनेज की व्यवस्था करने हेतु खरीदी केन्द्र प्रभारियों तथा खाद्य अधिकारी टी.आर. ठाकुर को निर्देशित किया। इस अवसर पर जिला विपणन अधिकारी सी.पी. सिंह भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के लिए कांकेर जिले में 91 हजार 369 किसानों द्वारा अपना पंजीयन कराया गया है। धान खरीदी हेतु जिले के 70 सहकारी समितियों में 133 खरीदी केन्द्र बनाये गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *