छत्तीसगढ़

बाल श्रम उन्मूलन की दिशा में मुंगेली जिला प्रशासन की सशक्त पहल

मुंगेली, 19 मार्च 2026/sns/- जिले में बाल श्रम उन्मूलन एवं बाल तस्करी की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज “बाल श्रम मुक्ति रथ” को कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह अभियान बाल श्रम में संलग्न बच्चों के बचाव (रेस्क्यू), संरक्षण एवं उनके समुचित पुनर्वास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। “बाल श्रम मुक्ति रथ” के माध्यम से जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। रथ के जरिए बाल श्रम, बाल तस्करी एवं बाल शोषण के दुष्परिणामों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी, साथ ही नागरिकों को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि बाल श्रम एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जो बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास को प्रभावित करती है। इसे समाप्त करने के लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती अंजूबाला शुक्ला ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया गया है, जिसमें श्रम विभाग, पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। टास्क फोर्स द्वारा जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों, होटलों, ढाबों, दुकानों, ईंट भट्टों एवं अन्य कार्यस्थलों पर विशेष जांच अभियान चलाकर बाल श्रम में संलिप्त बच्चों की पहचान की जाएगी। ऐसे बच्चों का तत्काल रेस्क्यू कर उन्हें बाल संरक्षण सेवाओं से जोड़ा जाएगा तथा उनके पुनर्वास के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी बाल श्रम, बाल तस्करी या बाल शोषण से संबंधित कोई जानकारी प्राप्त होती है, तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या टोल-फ्री नंबर 1800-102-7222 पर सूचित करें, ताकि समय पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *