छत्तीसगढ़

दूरस्थ निर्मलगुड़ा में जिला प्रशासन की पहल

सुकमा, 18 मार्च 2026/sns/- सुकमा जिले के दूरस्थ अंचलों में शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में कोंटा विकासखंड के ग्राम पंचायत निर्मलगुड़ा (स्कूल पारा) में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक व्यापक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसने ग्रामीणों को बड़ी राहत प्रदान की। शिविर के दौरान स्वास्थ्य अमले ने घर-घर सर्वे कर ग्रामीणों का शुगर, बीपी एवं हीमोग्लोबिन (एचबी) परीक्षण किया। साथ ही टीबी, कुष्ठ (लेप्रोसी) और मोतियाबिंद जैसे गंभीर रोगों के संभावित मरीजों की पहचान कर आवश्यक जानकारी एकत्र की गई।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर कोंटा, डॉ. दीपेश चंद्राकर के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में विशेष रूप से बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर ध्यान दिया गया। मौके पर ही बच्चों का टीकाकरण एवं आवश्यक जांच (एनसी) सुनिश्चित की गई, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर के नजदीक ही उपलब्ध हो सकीं। ग्राम निर्मलगुड़ा, जिसकी कुल जनसंख्या 263 है और जहां 55 घर हैं, जैसे पहुंचविहीन क्षेत्र में इस तरह का शिविर प्रशासन की संवेदनशीलता और सक्रियता को दर्शाता है।
कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में भी शासन की हर सुविधा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और अन्य शासकीय योजनाओं से ग्रामीणों को जोड़कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *