जगदलपुर, 27 फरवरी 2026/sns/- अन्नदाताओं के लिए इस वर्ष की होली बेहद खास और खुशियों भरी होने जा रही है। आगामी 4 मार्च को मनाए जाने वाले होली के पावन पर्व से ठीक पहले प्रदेश सरकार कृषक उन्नति योजना के माध्यम से जिले के किसानों की झोली खुशियों से भरने जा रही है। शनिवार 28 फरवरी को जगदलपुर के वीर सावरकर भवन में आयोजित होने वाले वृहद किसान सम्मेलन में जिले के 40,667 किसानों को 205.95 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि का वितरण किया जाएगा। त्यौहार से ऐन पहले मिल रही इस बड़ी राशि से बस्तर के ग्रामीण अंचलों में होली का उत्साह अभी से दोगुना हो गया है।
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य और बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में समृद्धि की गुलाल बिखेरी जाएगी। कार्यक्रम में वन मंत्री श्री केदार कश्यप, जगदलपुर विधायक श्री किरण देव, चित्रकोट विधायक श्री विनायक गोयल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में बस्तर विधायक श्री लखेश्वर बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, जगदलपुर महापौर श्री संजय पांडे, छत्तीसगढ़ राज्य बेवरेजेस कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्री श्रीनिवास राव मद्दी, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रूपसिंह मंडावी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बलदेव मंडावी, नगर निगम सभापति श्री खेमसिंह देवांगन, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री दिनेश कश्यप, जिला पंचायत की कृषि स्थायी समिति के अध्यक्ष श्री कामदेव बघेल सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहेंगे।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को मोटा धान पर 731 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि सीधे किसानों तक पहुँचाई जा रही है। इस योजना का सर्वाधिक लाभ बकावण्ड और बस्तर ब्लॉक के किसानों को मिल रहा है, जहाँ क्रमशः 67.90 करोड़ रुपए और 55.78 करोड़ रुपए की राशि वितरित की जाएगी। त्यौहार के ठीक पहले मिलने वाली इस आर्थिक मजबूती से न केवल बाजारों में रौनक बढ़ेगी, बल्कि किसान अपने परिवार के साथ 4 मार्च की होली का जश्न पूरे उत्साह और उमंग के साथ मना सकेंगे।

