बलौदाबाजार, 27 फ़रवरी 2026/sns/-रेडक्रॉस अंतर्गत जिला शाखा बलौदाबाजार की प्रबंधकारिणी की बैठक का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में जिला शाखा के सभापति अरविंद शुक्ला की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में रेडक्रॉस के अंतर्गत सदस्यता अभियान चलाकर सदस्यों की संख्या बढ़ाने हेतु आमजनों, सर्व समाज, विभिन्न एनजीओ एवं चौंबर ऑफ कॉमर्स को जोड़ने का निर्णय लिया गया। रेडक्रॉस स्थापना दिवस 8 मई के अवसर पर जिले में वृहद रक्तदान शिविर एवं प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। प्रत्येक माह के दूसरे गुरुवार को प्रबंधकारिणी की बैठक नियमित रूप से आयोजित की जाएगी। साथ ही जिले के सभी टीबी मरीजों के लिए रेडक्रॉस के माध्यम से “निश्चय मित्र” बनाकर फूड बास्केट के रूप में पोषण आहार उपलब्ध कराने हेतु कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके अतिरिक्त जिला शाखा के सुचारू संचालन हेतु कार्यालय की स्थापना तथा एक ऑपरेटर की नियुक्ति किए जाने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे जिले के कार्यों का नियमित एवं व्यवस्थित रूप से संपादन किया जा सके। आगामी वर्ष 2026-27 में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों के विषय में भी विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उप सभापति ललिता यादव, राज्य प्रतिनिधि संजय पटेल, सदस्य मोरध्वज श्रीवास्तव, संदीप पांडेय, अरविंद मिश्रा एवं आनंद अग्रवाल सहित सिविल सर्जन डॉ.अशोक वर्मा उपस्थित रहे।



