छत्तीसगढ़

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा आगामी होली पर्व के दृष्टिगत खाद्य प्रतिष्ठानों का किया जा रहा औचक निरीक्षण

राजनांदगांव, 26 फरवरी 2026/sns/-कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा आगामी होली पर्व के दृष्टिगत चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के साथ डोंगरगढ़ एवं डोंगरगांव विकासखंड के विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। टीम द्वारा क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों से मिठाई, घी, पनीर, नमकीन, आटा, मैदा, बेसन, सूजी, बेकरी सहित अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 125 नमूने संकलित किये गए और चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से मौके पर जांच की गई, जिनमें से 118 नमूने मानक एवं 5 नमूने अवमानक पाए गए।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा आशीष डेयरी एवं डेली नीड्स डोंगरगढ़ से शंका के आधार पर घी, पनीर एवं खारी का नमूना तथा जैन स्वीट्स तुमड़ीबोड़ से मिल्क कतली एवं नमकीन का नमूना संकलित कर उच्च स्तरीय जांच हेतु खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला प्रेषित किया गया है। उक्त नमूनों में से यदि कोई नमूना अवमानक, मिथ्याछाप या असुरक्षित पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के विरूद्ध खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई कर प्रकरण को यथाशीघ्र सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र के नागरिकों को सही एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य उत्पाद पहुंचाने के लिए लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है और आवश्यकतानुसार कार्यवाही की जा रही है। खाद्य कारोबारियों से अपने प्रतिष्ठानों में नागरिकों के लिए सुरक्षित एवं सही गुणवत्ता के खाद्य पदार्थ का विक्रय, भण्डारण, प्रदर्शन एवं विनिर्माण करने की अपील की है। साथ ही नागरिकों से आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों को खरीदते समय विश्वसनीय एवं पंजीकृत दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदीने का आग्रह किया गया है। कोई भी खाद्य सामग्री खरीदते समय दुकानदार से पक्का बिल (रसीद) अवश्य लें। शिकायत दर्ज कराने की स्थिति में यह बिल अत्यंत आवश्यक होता है। अत्यधिक चमकीले और गहरे रंग वाली मिठाइयों में अखाद्य रंगों का उपयोग किया जा सकता है, नागरिक इन मिठाइयों का उपयोग नहीं करें। प्राकृतिक रंगों से बनी मिठाइयों को प्राथमिकता दें। पैकेट बंद खाद्य पदार्थों, नमकीन एवं पेय पदार्थों को खरीदते समय उन पर अंकित निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, एफएसएसएआई नंबर अवश्य जांचे। साफ-सफाई का अभाव वाले प्रतिष्ठानों से मिठाइयां या खाद्य पदार्थ नहीं खरीदे। किसी भी प्रतिष्ठान पर मिलावटी या दूषित खाद्य सामग्री बेचे जाने का संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग हेल्पलाइन 9340597097 पर सूचना अवश्य दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *