छत्तीसगढ़

ई-ऑफिस प्रशिक्षण आयोजित, डिजिटल कार्यप्रणाली को मिलेगा बढ़ावा

अम्बिकापुर, 26 फरवरी 2026/sns/- शासकीय कार्यप्रणाली को पूर्णतः डिजिटल एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से आज अम्बिकापुर में ई-ऑफिस एवं अन्य शासकीय डिजिटल प्लेटफॉर्म संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा ई-ऑफिस प्रणाली के साथ-साथ SPARROW, e-HRMS तथा iGOT विषय के संचालन एवं उपयोग की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

प्रशिक्षण के दौरान ई-फाइल संचालन, ऑनलाइन पत्राचार, डिजिटल दस्तावेज संधारण, नोटशीट एवं ड्राफ्ट प्रबंधन, वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन, ऑनलाइन प्रविष्टि प्रक्रिया, कार्मिक डाटा प्रबंधन, सेवा पुस्तिका संधारण तथा ऑनलाइन प्रशिक्षण मॉड्यूल की जानकारी व्यवहारिक अभ्यास के माध्यम से समझाई गई।

मास्टर ट्रेनर द्वारा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए सभी विभागों को इन पोर्टलों का नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि इन डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता सुनिश्चित होगी तथा सुशासन को मजबूती मिलेगी।

जिला प्रशासन द्वारा ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने एवं शासकीय सेवाओं को अधिक दक्ष, सरल एवं त्वरित बनाने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *