छत्तीसगढ़

होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर निःशुल्क पेयजल उपलब्ध कराए जाने पर जोर

रायपुर, 26 फरवरी 2026/sns/-मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशन एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में  जिला प्रशासन द्वारा “Water for All” अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में नागरिकों को निःशुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराए जाने हेतु नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संबंधित अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण, स्टिकर सत्यापन एवं शपथ पत्र प्राप्त करने की कार्यवाही सतत रूप से की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि प्रत्येक प्रतिष्ठान में “Water for All” का स्टिकर प्रदर्शित हो तथा ग्राहकों को बिना किसी शुल्क के स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

नियमित निगरानी एवं सघन कार्यवाही के परिणामस्वरूप अब जिले के विभिन्न होटल एवं रेस्टॉरेंट्स में ग्राहकों को निःशुल्क शुद्ध पेयजल सहज रूप से उपलब्ध हो रहा है। इस पहल से आम नागरिकों को विशेष राहत मिली है तथा जनहित के इस अभियान को सकारात्मक प्रतिसाद प्राप्त हो रहा है।

जिला प्रशासन द्वारा आग्रह किया गया है कि  “Water for All” अभियान की मॉनिटरिंग निरंतर जारी रहेगी तथा शिकायत या समस्या पाए जाने पर जिला कॉल सेंटर के नंबर 9977222564 पर शिकायत करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *