छत्तीसगढ़

महतारी वंदन योजना के तहत प्राप्त राशि से कमलेश्वरी ने खरीदा सिलाई मशीन

मुंगेली, 20फरवरी 2026/sns/- शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना आज ग्रामीण अंचलों में महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की नई पहचान बनकर उभर रही है। यह योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक सहारा दे रही है, बल्कि उन्हें अपने परिवार और समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान कर रही है। इसी कड़ी में विकासखण्ड लोरमी के ग्राम खुड़िया की कमलेश्वरी ने महतारी वंदन योजना के तहत प्राप्त राशि से सिलाई मशीन खरीदा है। सिलाई मशीन से कमलेश्वरी ने गांव की महिलाओं और बच्चों के कपड़े सिलना शुरू किया। उनके काम की गुणवत्ता और समय पर डिलीवरी के कारण उनका छोटा सा व्यवसाय धीरे-धीरे बढ़ने लगा, जिससे वह प्रतिमाह 03 हजार रूपए की आमदनी प्राप्त कर रही है।
कमलेश्वरी ने बताया कि सीमित आय और पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण उन्हें अपने सपनों को बार-बार पीछे रखना पड़ता था। उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था, और सिलाई का काम सीखने के बावजूद उनके पास स्वयं की सिलाई मशीन खरीदने के लिए पर्याप्त धन नहीं था। उनका सपना था कि वे आत्मनिर्भर बनें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारें, लेकिन संसाधनों की कमी उनके रास्ते में सबसे बड़ी बाधा थी। इसी बीच उन्होंने शासन की महतारी वंदन योजना के तहत प्राप्त राशि को जमा कर सिलाई मशीन खरीदा और अपने सपने को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ाया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव सहित प्रशासन को योजना का संचालन करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *