छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की बैठक

मुंगेली, 14 फरवरी 2026/sns/- कलेक्टर ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व प्रकरणों के त्वरित एवं समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य सचिव की मंशानुरूप सभी राजस्व संबंधी प्रकरणों का सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने पर बल दिया। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। रिकॉर्ड दुरुस्ती, अविवादित खाता विभाजन, सीमांकन एवं नक्शा बटांकन की कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु से पूर्व सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण कर लिया जाए, ताकि आमजनों को असुविधा न हो।
कलेक्टर ने कहा कि राजस्व से संबंधित प्रत्येक बिंदु की समीक्षा प्रत्येक सप्ताह की जाएगी और प्रगति के आधार पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने तहसीलदार, आर. आई. व पटवारियों से बात कर उन्हें बेहतर कार्य करने तथा राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने पटवारी एवं राजस्व निरीक्षकों के बीच उत्पन्न गतिरोध के विषय में भी बैठक में चर्चा की। इस संबंध में तहसीलदार ने बताया कि आपसी संवाद और समन्वय से समस्या का समाधान कर लिया गया है। सभी राजस्व निरीक्षण एवं पटवारी अपने कार्य पर लौट आए हैं और पूरी तत्परता के साथ दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि मुख्य सचिव के निर्देशों के अनुरूप राजस्व अमला पूरी निष्ठा से कार्य करेगा।
कलेक्टर ने कहा कि मुख्य सचिव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों के अनुरूप राजस्व कार्यों में प्रगति आप सभी राजस्व अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने अधिकारियों को जनसहयोग की भावना से कार्य करने, आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करने और बेहतर कार्यप्रदर्शन के माध्यम से सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने यह भी कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों एवं राजस्व निरीक्षकों को सम्मानित किया जाएगा, ताकि कार्य संस्कृति में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और उत्साह का वातावरण बने। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *