केन्द्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर का एकदिवसीय रायपुर प्रवास, तोखन साहू ने किया आत्मीय अभिनंदन
केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा ऊर्जा मंत्री श्री मनोहरलाल खट्टर एक दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुँचे। विमानतल पर उनका स्वागत केन्द्रीय
आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने किया।
प्रवास के दौरान श्री खट्टर ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में केंद्रीय बजट पर पत्रकार वार्ता की तथा एक निजी होटल में आयोजित बजट संवाद कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2026–27 का केंद्रीय बजट अपार अवसरों से भरा है, जो वर्तमान आवश्यकताओं के साथ-साथ भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने कहा कि यह बजट निर्माण अभियान, आत्मनिर्भर भारत, उभरते उद्योगों, द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी के शहरों के विकास तथा लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यमों को सशक्त करने की दिशा में दूरदर्शी कदम है।
इस अवसर पर केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने बजट पर संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत बजट 2026–27 देश की अर्थव्यवस्था के लिए स्थिरता, विश्वास और विकसित भारत के लक्ष्य को सुदृढ़ करता है। उन्होंने बताया कि वित्तीय घाटा 4.3 प्रतिशत पर सीमित रखने तथा ₹12.2 लाख करोड़ के पूंजीगत व्यय से निवेश, रोजगार और मांग को गति मिलेगी।
श्री साहू ने कहा कि बजट में विनिर्माण क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण निर्माण, जैव-औषधि शक्ति योजना, एमएसएमई भुगतान सुधार, उद्योग विस्तार कोष, विश्वविद्यालय टाउनशिप, परिवहन एवं भंडारण ढांचे, कर सुधार तथा डिजिटल वाणिज्य को सशक्त करने जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है, जिससे देश के समग्र आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।






