‘प्रोजेक्ट तेजस’ से तकनीक में दक्ष हुए नव-नियुक्त आरक्षक
रायपुर के आईटीआई सड्डू में मिला कंप्यूटर व साइबर प्रशिक्षण
रायपुर, 06 फरवरी 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), सड्डू रायपुर में कौशल विकास एवं तकनीकी प्रशिक्षण को बढ़ावा देने हेतु संचालित “प्रोजेक्ट तेजस” के अंतर्गत नव-नियुक्त आरक्षकों (GD) के लिए आयोजित कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन बुधवार को प्रमाण-पत्र वितरण समारोह के साथ हुआ।
समारोह में रायपुर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री अमित तुकाराम कांबले एवं एसीपी साइबर पुलिस एवं क्राइम श्री स्मृतिक राजनाला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले नव-नियुक्त आरक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रम में योगदान देने वाले संस्था के प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य मे. नरेंद्र उपाध्याय को अतिथियों द्वारा स्मृति-चिह्न भेंट किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए DIG श्री कांबले ने कहा कि वर्तमान समय में पुलिस विभाग के लिए तकनीकी दक्षता अत्यंत आवश्यक है। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नव-नियुक्त आरक्षकों को आधुनिक पुलिसिंग की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाते हैं। वहीं एसीपी श्री स्मृतिक राजनाला ने डिजिटल साक्षरता एवं साइबर जागरूकता को पुलिसिंग का अभिन्न अंग बताया।
उल्लेखनीय है कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 जनवरी से 02 फरवरी 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें नव-नियुक्त आरक्षकों को कंप्यूटर की मूल जानकारी, एमएस ऑफिस, डेटा एंट्री, ऑनलाइन रिपोर्टिंग, डिजिटल सुरक्षा, साइबर अपराध से संबंधित प्रारंभिक जानकारी तथा आधुनिक तकनीकी उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
यह संपूर्ण प्रशिक्षण संस्था के मुख्य प्रशिक्षक श्री राघवेन्द्र सिन्हा द्वारा प्रदान किया गया। संस्था के प्राचार्य मे. नरेंद्र उपाध्याय ने जानकारी दी कि कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में प्रोजेक्ट तेजस के अंतर्गत भविष्य में भी CRPF, CISF, BSF एवं पुलिस विभाग के जवानों को तकनीकी एवं कंप्यूटर आधारित प्रशिक्षण प्रदान किया जाता रहेगा।


