रायगढ़, 03 फरवरी 2026/sns/- जिले में 06 वर्ष से कम आयु के बच्चों के पोषण स्तर के सटीक आकलन हेतु समुदाय की सक्रिय सहभागिता के साथ वजन त्यौहार का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार यह अभियान 09 से 18 फरवरी तक जिले के समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में आयोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जिले में वजन त्यौहार का आयोजन 12 सितंबर 2023 से 23 सितंबर 2024 तक किया गया था। कलेक्टर द्वारा संबंधित अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर क्लस्टरवार तिथियों का निर्धारण सुनिश्चित करें, ताकि सभी पात्र बच्चों का वजन समय पर लिया जा सके। वजन त्यौहार के दौरान बच्चों का वजन, लंबाई एवं ऊँचाई मापी जाएगी। प्राप्त आंकड़ों के आधार पर कुपोषण की वास्तविक स्थिति का आकलन कर प्रत्येक बच्चे की जानकारी निर्धारित सॉफ्टवेयर में दर्ज की जाएगी। इसके माध्यम से कुपोषित बच्चों का अद्यतन डाटाबेस तैयार किया जाएगा, जिससे उनके लिए लक्षित पोषण एवं स्वास्थ्य हस्तक्षेप सुनिश्चित किया जा सके।
कलेक्टर ने जिले के 06 वर्ष तक के सभी बच्चों के पालकों से अपील की है कि वे अनिवार्य रूप से अपने बच्चों को निकटतम आंगनबाड़ी केन्द्र में लेकर आएं और वजन त्यौहार में सहभागिता करें, ताकि बच्चों के पोषण स्तर की सही जानकारी प्राप्त हो सके और समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।


