छत्तीसगढ़

राज्य डेयरी उद्यमिता विकास योजना के हितग्राहियों के घर पहुंचीं कलेक्टर

मोहला, 29 जनवरी 2026/sns/-कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति आज राज्य डेयरी उद्यमिता विकास योजना से लाभान्वित हितग्राहियों के घर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने पशुपालकों से योजना के अंतर्गत प्राप्त पशुओं की देखभाल, उत्पादन एवं आय की जानकारी लेते हुए उन्हें व्यवसाय को और अधिक विस्तार देने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर उपस्थित रहीं। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति मोहला विकासखंड के तेलीटोला निवासी श्री संजय पुंगाटी एवं कुंजामटोला निवासी श्री संत राम नेताम के घर पहुंचीं, जहां उन्होंने पशुधन विकास विभाग द्वारा संचालित राज्य डेयरी उद्यमिता योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। तेलीटोला निवासी श्री संजय पुंगारी ने बताया कि उन्हें योजना के तहत दो उच्च नस्ल की भैंसें प्राप्त हुई हैं। इसके अतिरिक्त उनके पास देसी नस्ल की गाय भी है, जिससे उन्हें प्रतिमाह लगभग 25 हजार रुपये तक की आय हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि वे अन्य पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा का लाभ ले रहे हैं। इसी प्रकार कुंजामटोला निवासी श्री संत राम नेताम की पत्नी ने बताया कि पशुपालन एवं कृषि उनके परिवार की आय का मुख्य स्रोत है। विभागीय योजना से प्राप्त भैंस का दूध विक्रय कर अच्छी आय अर्जित हो रही है। मौके पर कलेक्टर ने कृत्रिम गर्भाधान से उत्पन्न वत्सों को भी देखा। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि पशुपालकों को अन्य विभागीय योजनाओं से भी लाभान्वित कर उनके व्यवसाय को बढ़ाने में सहयोग करें। इस दौरान पशुधन विकास विभाग से जिला नोडल अधिकारी डॉक्टर अशोक जैन एवं डॉक्टर विष्णु साहू उपस्थित रहे । उल्लेखनीय है कि राज्य डेयरी उद्यमिता विकास योजना के अंतर्गत 1 लाख 40 हजार रुपये की लागत से दो पशुओं के क्रय एवं उनके बीमा का प्रावधान है। दोनों हितग्राहियों को वर्ष 2024–25 में इस योजना का लाभ प्रदान किया गया है। योजना के अंतर्गत अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग को 66.6 प्रतिशत तथा अन्य पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग को 50 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *