छत्तीसगढ़

किसानों के हित में कारगर धान खरीदी व्यवस्था, कोरबा में दिखा सकारात्मक असर

सुगम धान खरीदी से कृषक शिवराज सिंह को मिला संतोषजनक अनुभव

कोरबा, 23 जनवरी 2026/sns/- श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेश में धान खरीदी की व्यवस्था को सरल, सुगम और पारदर्शी स्वरूप दिया गया है। सुव्यवस्थित प्रक्रिया के कारण किसानों को अब धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है और उन्हें संतोषजनक अनुभव प्राप्त हो रहा है।
कोरबा जिले में भी इस व्यवस्था का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उपार्जन केंद्रों पर बेहतर प्रबंधन, समयबद्ध तौल और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता से किसानों में उत्साह का माहौल है। खेत से केंद्र तक की प्रक्रिया अब उनके लिए बोझ नहीं, बल्कि विश्वास और राहत का माध्यम बन गई है।
इसी क्रम में ग्राम धनगांव निवासी कृषक श्री शिवराज सिंह, पिता श्री दिगपाल सिंह, 180 क्विंटल धान लेकर सोनपुरी धान उपार्जन केंद्र पहुंचे, जहां उनके द्वारा धान बिना किसी बाधा के विक्रय किया। उन्होंने बताया कि समिति के माध्यम से उन्हें समय पर टोकन प्राप्त हुआ, जिससे विक्रय की प्रक्रिया सहज रही। श्री सिंह ने पिछले वर्ष भी लगभग 350 क्विंटल धान का विक्रय किया था। उनके पास 16 एकड़ कृषि भूमि है, जिस पर वे नियमित रूप से खेती करते हैं।
कृषक श्री सिंह ने मुख्यमंत्री श्री साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उपार्जन केंद्र पर पूरी प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रही है। समय पर तौल, आवश्यक सुविधाएं और सरकार द्वारा प्रदान किया जा रहा सर्वाधिक समर्थन मूल्य किसानों के हित में प्रभावी कदम है। उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल न केवल किसानों को आर्थिक सुरक्षा दे रही है, बल्कि उनके परिवारों के भविष्य को भी मजबूती प्रदान कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *