सुकमा, 20 जनवरी 2026/sns/-कलेक्टर श्री अमित कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर सहित सभी वरिष्ठ विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य एवं सुपोषण पर विशेष फोकस
कलेक्टर ने मातृ-शिशु स्वास्थ्य और सुपोषण अभियान को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए कि जिले के स्वास्थ्य केंद्रों एवं पोषण पुनर्वास केंद्रों (एनआरसी) में कोई भी बेड रिक्त न रहे। उन्होंने अस्पतालों में भर्ती माताओं को गुणवत्तापूर्ण गरम भोजन, नाश्ता एवं प्रोटीन के रूप में अंडा अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए बेडशीट प्रबंधन को दिनवार लागू करने को कहा गया।
आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की सुविधा हेतु नवीन दरी, भोजन पकाने के लिए गैस कनेक्शन तथा नियमित रिफिलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। ‘नियद नेल्ला नार’ ग्रामों में मोतियाबिंद के मरीजों की शत-प्रतिशत पहचान कर उनके उपचार के लिए प्रभावी मोबिलाइजेशन करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।
आधार और ई-केवाईसी कार्य में तेजी
प्रशासनिक पहुंच को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नियद नेल्लानार के संवेदनशील क्षेत्रों में आधार सेवाओं एवं ई-केवाईसी कार्य को तेज करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि इन क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार नए आधार केंद्र स्थापित किए जाएं, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं से वंचित न रहे। ‘सेवा एक्सप्रेस’ के माध्यम से नए समूहों को जोड़कर लोकस पोर्टल में प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
अधोसंरचना एवं खेल सुविधाओं की समीक्षा
निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने मल्टीस्पोर्ट कॉम्प्लेक्स कुम्हाररास तथा हड़मा स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट एवं शेड मरम्मत के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही ‘नियद नेल्ला नार’ क्षेत्रों में प्रशासनिक परिसरों के निर्माण के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
गणतंत्र दिवस की तैयारियाँ
आगामी 26 जनवरी को लेकर जिले में होने वाले मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह के भव्य एवं गरिमामय आयोजन हेतु कलेक्टर ने विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपे। उन्होंने आपसी समन्वय से कार्य करते हुए राष्ट्रीय पर्व को पूर्ण उत्साह, जनसहभागिता एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में सभी जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

