ग्राम पंचायत अजिरमा की श्रीमती कुमुदनी को मिला सुरक्षित पक्का मकान
अंबिकापुर, 13 जनवरी 2026/sns/- प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। यह योजना उन परिवारों के लिए वरदान सिद्ध हो रही है, जो अब तक कच्चे मकानों में रहकर गर्मी, ठंड और बरसात की कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। जिला प्रशासन द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में अनेक परिवारों का पक्का घर बनाने का सपना साकार हो रहा है।
अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत अजिरमा की रहने वाली श्रीमती कुमुदनी का पक्का मकान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत बनकर तैयार हो गया है। श्रीमती कुमुदनी ने बताया कि पहले वे कच्चे मकान में रहती थीं, जहां मौसम की मार से परिवार को काफी परेशानी होती थी। उन्होंने कहा कि पक्का मकान बनाने का सपना तो था, लेकिन आर्थिक स्थिति के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा था।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत पक्का मकान निर्माण के लिए प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई, जिससे उन्हें नई उम्मीद मिली। शासन से मिली सहायता राशि के साथ अपनी जमा पूंजी का निवेश कर उन्होंने अपना सुरक्षित और मजबूत पक्का आशियाना तैयार किया। अब परिवार को हर मौसम में सुरक्षित आवास मिल रहा है और जीवन स्तर में भी सुधार आया है।
श्रीमती कुमुदनी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि पक्का मकान मिलने से उनके परिवार को सुरक्षा और सम्मानपूर्ण जीवन मिला है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के माध्यम से शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आवासहीन एवं कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को प्राथमिकता के साथ पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण जीवन में बदलाव आ रहा है।

