छत्तीसगढ़

श्रम विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं से 06 हजार से अधिक श्रमिकों को किया गया लाभान्वित

मुंगेली, 09 जनवरी 2026/sns/- जिले में श्रमिकों की आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में 01 अप्रैल 2025 से 31 दिसंबर 2025 की अवधि के दौरान जिले के 06 हजार से अधिक निर्माण एवं असंगठित श्रमिकों को 02 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि सीधे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से श्रमिकों के खातों में अंतरित की गई है।
श्रम पदाधिकारी श्री अभिषेक सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप श्रमिकों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, इनमें मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, मेधावी शिक्षा छात्र-छात्रा प्रोत्साहन सहायता योजना तथा मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना प्रमुख हैं। इन योजनाओं के अंतर्गत जिले के 05 हजार 711 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को कुल 02 करोड़ 27 लाख 12 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई है।
इसी तरह छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत संचालित असंगठित कर्मकार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, असंगठित कर्मकार महतारी जतन योजना एवं छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से 568 असंगठित श्रमिकों को 62 लाख 22 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। श्रम पदाधिकारी ने बताया कि लक्ष्य के अनुरूप जिले के विभिन्न विकासखंडों के 167 गांवों में शिविर आयोजित कर श्रमिकों का पंजीयन किया जा रहा है तथा उन्हें श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। इन योजनाओं का सीधा लाभ मिलने से श्रमिकों के बीच संतोष, हर्ष और विश्वास का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *