छत्तीसगढ़

नक्सल हिंसा से आत्मनिर्भरता तक

सुकमा, 08 जनवरी 2026/sns/-मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले सुकमा की रहने वाली सरोज पोडियाम आज आत्मनिर्भरता की मिसाल बन चुकी हैं। उनका जीवन संघर्ष, साहस और सरकारी योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव की एक जीवंत कहानी प्रस्तुत करता है। सरोज पोडियाम के परिवार ने नक्सल हिंसा का दर्द बेहद करीब से झेला है। वर्ष 2009 में नक्सलियों ने उनके ससुर की निर्मम हत्या कर दी थी। इस हृदयविदारक घटना के बाद शासन ने पीड़ित परिवार की सहायता करते हुए नवा बिहान योजना के अंतर्गत सुकमा में उन्हें आवास उपलब्ध कराया तथा उनके पति राकेश पोडियाम को नगर सैनिक (सिपाही) के पद पर नियुक्त किया गया।
सरोज पोडियाम घर पर सिलाई का कार्य कर परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने का प्रयास कर रही थीं, किंतु पूंजी के अभाव में उनका व्यवसाय सीमित रह गया था। इसी बीच उन्हें केंद्र सरकार की पीएम स्वनिधि योजना की जानकारी मिली। योजना में आवेदन करने के बाद दिनांक 24 नवंबर 2025 को स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया सुकमा से उन्हें 15,000 रूपये का प्रथम ऋण स्वीकृत हुआ। इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री पी. आर. कोर्राम एवं अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद सुकमा श्री हूँगा राम मरकाम द्वारा उन्हें ऋण का चेक प्रदान किया गया।
आज सरोज पोडियाम इस सहयोग से अपने सिलाई व्यवसाय को सफलतापूर्वक आगे बढ़ा रही हैं। वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक आवश्यकताओं को पूरा कर रही हैं, बल्कि सुकमा की महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की प्रेरणादायक प्रतीक भी बन चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *